लता मंगेशकर की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल से मिली खबर के अनुसार धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हो रहा है। लता मंगेशकर को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद सोमवार को ब्रीच केंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज डॉक्टर प्रतित समदानी कर रहे हैं।
डॉक्टर ने गायिका का हेल्थ अपडेट देते हुए बताया- 'उन्हें निमोनिया हुआ है। साथ ही उनका बायां वेट्रिकुलर भी फेल हो गया है। उनकी हालत अभी भी गंभीर ही बनी हुई है, हालांकि पिछले कुछ घंटों में हम थोड़ा सुधार देख रहे हैं।'
साथ ही डॉक्टर प्रतित समदानी ने यह भी बताया- उनके पैरामीटर अच्छे हैं। सच कहूं तो, वह इतनी अच्छी तरह से लड़ रही हैं कि जल्द इससे बाहर आ जाएंगी। वह सच में एक फाइटर हैं। लताजी की अस्पताल से छुट्टी होने और घर आने पर हम सभी को अपडेट देंगे। हम अनुरोध करते हैं कि उन्हें थोड़ा समय दें और निजता का ध्यान रखें।
लता मंगेशकर की बहन आशा भोसले भी अस्पताल में उनका हाल-चाल लेने के लिए पहुंची थीं। साथ ही तमाम सितारे उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं।